Uncategorised

Bhim Army Chief Attacks चंद्रशेखर पर जानलेवा हमला

फायरिंग में आजाद की कार के शीशे भी टूट गए हैं। CCTV फुटेज में गाड़ी का नंबर HR-70D-0278 दिख रहा है।

उत्तर प्रदेश:-

सहारनपुर के देवबंद इलाके में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। वह दिल्ली से अपने घर सहारनपुर के छुटमलपुर कस्बे जा रहे थे।

अस्पताल के बाहर समर्थकों की भीड़ लगी हुई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।

हरियाणा नंबर की कार से आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर 4 राउंड फायरिंग की। गोली उनके पेट को छूते हुए निकल गई।

फायरिंग में आजाद की कार के शीशे भी टूट गए हैं। CCTV फुटेज में गाड़ी का नंबर HR-70D-0278 दिख रहा है।

चंद्रशेखर को देवबंद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां से शुरुआती इलाज के बाद सहारनपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। यहां उन्हें एक्स-रे कराने के बाद ICU में भर्ती कराया गया है।

वहीं देर शाम चंद्रशेखर ने कहा कि सभी कार्यकर्ता शांति बनाए रखें और पुलिस प्रशासन का साथ दें। पुलिस जल्द ही हमलावरों को पकड़ लेगी।

भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद देवबंद में संगठन के एक साथी एडवोकेट अजय के घर गए थे। अजय की मां का 2 दिन पहले निधन हो गया था।

चंद्रशेखर जैसे ही अजय के घर से निकलकर अपनी कार तक पहुंचे, तभी दूसरी कार से आए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।

पार्टी बोली- ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य
हमले की सूचना चंद्रशेखर के राजनीतिक दल आजाद समाज पार्टी ने ट्वीट कर दी। लिखा- देवबंद में राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है।

ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा की मांग करते हैं।

वहीं, भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण गौतम ने कहा, ”जिस प्रकार से प्रदेश के अंदर माहौल बना हुआ है, चाहे वो मुस्लिम नेता हो या दलित नेता हो। उन्हें टारगेट किया जा रहा है। उन पर गोलियां चलाई जा रही हैं। यह बहुत ही निंदनीय है।”

उन्होंने कहा, ”चंद्रशेखर यूथ आइकन हैं। ये गोली उन पर नहीं, यूथ पर चली है, जो बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदेश सरकार से कहना चाहता हूं कि चंद्रशेखर को जेड प्लस सुरक्षा दी जाए। जिन्होंने गोली चलाई है, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो देश और प्रदेश में माहौल संभालना मुश्किल हो जाएगा।”

भीम आर्मी के सहारनपुर के जिलाध्यक्ष और प्रत्यक्षदर्शी सोनी अंबेडकर ने कहा, ”कार्यक्रम से निकलते ही स्विफ्ट गाड़ी में आए लोगों ने उन पर हमला किया। जिससे उन्हें गोली भी लगी है। 3 से 4 राउंड फायरिंग हुई है। सफेद गाड़ी में 3 से 4 लोग सवार थे। गाड़ी की खिड़की खुली हुई थी। गाड़ी अनियंत्रित रूप से चल रही थी। चंद्रशेखर शायद हमलावरों को जानते हैं।”

CCTV में नजर आई हमलावरों की कार
हमलावरों की कार एक जगह CCTV कैमरे में नजर आई है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई है।

वहीं CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

SSP विपिन ताडा ने कहा, करीब 5:15 बजे देवबंद पुलिस को चंद्रशेखर पर फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस के आला-अधिकारी मौके पर पहुंचे। चंद्रशेखर को अस्पताल ले गए। उनके पेट से गोली छूकर निकली है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। चंद्रशेखर के बताए गए घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है। जो घटनाक्रम बताया है और जो साक्ष्य मौके पर मिले हैं, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Chandrashekhar  2015 में की थी भीम आर्मी 
चंद्रशेखर ने 2015 में जातिगत उत्पीड़न का विरोध करने के लिए भीम आर्मी की स्थापना की। यहीं से उनका राजनीतिक करियर शुरू हुआ। 15 मार्च 2020 को उन्होंने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) दल की स्थापना की।

यह घोषणा बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक काशीराम की 86वीं जयंती पर की गई थी। इस पार्टी में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और राष्ट्रीय लोक दल के 98 पूर्व नेता शामिल हुए।

भीम आर्मी का बेस मुख्य तौर पर यूपी में है। भीम आर्मी सहारनपुर दंगों के वक्त साल 2017 में चर्चा में आई। इसकी वजह जाति संघर्ष थी।

हिंसा के आरोपों के बाद चंद्रशेखर गिरफ्तार भी हुए थे। भीम आर्मी दलित शब्द के खिलाफ है और अंबेडकरवादी सोच वालों का स्वागत करती है।

यह संगठन भारत में शिक्षा के माध्यम से दलित हिंदुओं की मुक्ति के लिए काम करता है। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलितों के लिए मुफ्त स्कूल चलाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}