डॉ. नितिन धीरा ने पटाखों से होने वाली आंखों की चोटों से बचाव और समय पर उपचार के प्रति किया जागरूक l

जमशेदपुर, 7 नवंबर 2026। दिवाली के त्योहार के दौरान आंखों की सुरक्षा और पटाखों से होने वाली आंखों की चोटों की रोकथाम एवं उपचार के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शारदा नेत्रालय की ओर से शनिवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को डॉ. नितिन धीरा ने संबोधित किया।
इस अवसर पर जमशेदपुर के विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य विषय पर डॉ. धीरा से बातचीत की और जानकारी प्राप्त की।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. नितिन धीरा ने पटाखों से आंखों को होने वाले गंभीर नुकसान के जोखिमों पर प्रकाश डालते हुए सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने, एहतियाती उपाय अपनाने और आंखों में चोट लगने की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखें, वयस्कों की निगरानी के बिना पटाखों को न छुएं और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षात्मक चश्मे का इस्तेमाल करें। साथ ही, आंख में चोट लगने की स्थिति में उसे रगड़ने या दबाने से बचने की सलाह दी।
डॉ. धीरा ने विशेष रूप से कहा कि पटाखों से आंख में लगने वाली किसी भी चोट को चिकित्सकीय आपातस्थिति के रूप में लेना चाहिए और बिना देरी किए नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।









