जमशेदपुर, 20 जुलाई 2026। सामाजिक एवं जनहित के विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारीब से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने पारंपरिक आदिवासी गमछा ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत और सम्मान किया।
प्रतिनिधिमंडल में सुकरा हो, सुनील हेंब्रम, राजू बेसरा, रवि सोरेन, सुरेश हेंब्रम, रवींद्र बास्के सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा साथी शामिल थे। मुलाकात के दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।
बैठक में युवाओं की रचनात्मक भागीदारी, सामाजिक समरसता, कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारीब को उनके नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और जनसेवा को नई दिशा मिलेगी तथा समाज और प्रशासन के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना और अधिक मजबूत होगी।






