27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना देगा जदयू, उग्र आंदोलन की चेतावनी !

jdu jamshedpur news

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की उपस्थिति में जदयू कार्यकर्ताओं एवं मानगो जनसुविधा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी, सफाई व्यवस्था की बदहाली तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर नगर निगम की कथित उदासीनता के विरोध में 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बैठक में मानगो नगर निगम क्षेत्र में लंबित विकास योजनाओं को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। बताया गया कि निगम क्षेत्र में बारह करोड़ तेरह लाख उन्नीस हजार एक सौ सत्रह रुपये की लागत वाली कुल 38 विकास योजनाओं का क्रियान्वयन अब तक लंबित है। इनमें तीन करोड़ तिरपन लाख बत्तीस हजार छह सौ अस्सी रुपये की लागत वाली 32 योजनाओं का शिलान्यास 29 दिसंबर 2025 को किया जा चुका था। इसके अलावा छह करोड़ तिहत्तर लाख सोलह हजार तीन सौ रुपये की लागत वाली दो प्रमुख सड़क योजनाओं का शिलान्यास 14 अप्रैल 2026 को हुआ था। वहीं मानगो क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से दो करोड़ चवालीस लाख सड़सठ हजार आठ सौ रुपये की लागत से चार बड़े नालों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 20 अप्रैल 2026 को निविदा प्रकाशित की गई थी। बैठक में कहा गया कि निविदा की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने तथा संवेदकों की बहाली के बावजूद आज तक कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया है।

बैठक में देशबंधु लाइन, नित्यानंद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में हर वर्ष बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली बाढ़ की समस्या पर भी गंभीर चिंता जताई गई। बताया गया कि पिछले वर्ष स्थानीय नागरिकों के आग्रह पर विधायक सरयू राय स्वयं घुटने भर पानी में उतरकर मानगो नगर निगम के तत्कालीन उप नगर आयुक्त के साथ पूरे क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने नगर विकास विभाग को चार बड़े नालों के निर्माण की अनुशंसा भेजी तथा विभाग के मंत्री और सचिव से बातचीत कर योजना को स्वीकृति दिलाई। इसी के परिणामस्वरूप दो करोड़ चवालीस लाख सड़सठ हजार आठ सौ रुपये की लागत वाली चार नालों की निविदा 20 अप्रैल 2026 को जारी की गई। इन नालों का निर्माण बरसात शुरू होने से पहले पूरा होना था, ताकि नित्यानंद कॉलोनी, देशबंधु लाइन एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बाढ़ की समस्या से राहत मिल सके, लेकिन निविदा प्रक्रिया पूरी होने और संवेदकों की नियुक्ति के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में दो-दो लोगों की समितियां गठित की जाएंगी। ये समितियां वार्ड स्तर पर जनहित से जुड़ी समस्याओं की निगरानी करेंगी तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करेंगी। उन्होंने कहा कि जनसुविधा समिति और जदयू कार्यकर्ता संयुक्त रूप से बड़े नालों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे, उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे और इसकी रिपोर्ट उन्हें सौंपेंगे।

saryu rai news

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम चुनाव के बाद मानगो क्षेत्र में बनी परिस्थितियों पर भी चर्चा की। उनका कहना था कि चुनाव के बाद कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों का प्रभाव बढ़ा है और क्षेत्र के शांतिपूर्ण माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि मानगो क्षेत्र में बढ़ते अपराध को लेकर विधायक सरयू राय द्वारा एक टीवी चैनल को दिए गए बयान को कथित रूप से गलत तरीके से प्रस्तुत कर उनका पुतला दहन किया गया। आरोप लगाया गया कि पुतला दहन के दौरान विधायक के चित्र के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। इस मामले में जदयू महानगर अध्यक्ष द्वारा उलीडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर बैठक में रोष व्यक्त किया गया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, मानगो जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, आकाश साहू, विनोद सिंह, दीपक गौड़, पिंटू सिंह, विकास साहनी, प्रवीण सिंह, लालू गौड़, मुस्ताक अहमद, संतोष भगत, संजीव मुखर्जी, प्रेम सक्सेना, संतोष चौहान, द्रुस्दन सिंह, संजीव सिंह, अशोक सिंह, ममता सिंह, चेतक सिंह, संजय सिंह, मनोज गुप्ता, भवानी सिंह, मुकेश सिंह, शिरीन अख्तर, सुनील महतो, राजा राम प्रसाद, बिरू सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

BDC Hindi
Author: BDC Hindi

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

BDC Hindi